लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
बाड़मेर।
धोरीमन्ना पुलिस ने एसपी के निर्देशन और SHO बगडू राम खिलेरी के नेतृत्व में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 12.70 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (एमडी) बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
हिस्ट्रीशीटर आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामजीवन उर्फ कालू पुत्र गोमाराम रोहिला निवासी धोरीमन्ना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्कार्पियो गाड़ी भी जब्त की है। आरोपी धोरीमन्ना थाना का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है और लंबे समय से स्मैक व एमडी के अवैध धंधे में लिप्त था।
पहले भी जा चुका है जेल
आरोपी रामजीवन उर्फ कालू के खिलाफ पहले से ही 6 प्रकरण दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुका है। पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
एक माह में छठी बड़ी कार्रवाई
धोरीमन्ना पुलिस द्वारा बीते एक माह में यह छठी बड़ी कार्रवाई है, जो जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए पुलिस की सख्त मुहिम को दर्शाती है।
