लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पीसीसी चीप गोविंद सिंह डोटासरा तथा विधानसभा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने किया सभा को संबोधित
ओम प्रकाश सैनी
सीकर, लोसल l धोद में कांग्रेस द्वारा संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया गया। रैली को पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा तथा विधानसभा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा की डेढ़ साल के कार्यकाल के दौरान भाजपा सरकार एक भी काम राजस्थान में नहीं करा पाई है। राजस्थान में भाजपा सरकार के कुशासन में किसानों को लूटने का काम किया जा रहा है। राजस्थान की भाजपा सरकार 5 साल जरूर चलेगी, लेकिन जल्द ही दिल्ली से मुख्यमंत्री के नाम की नई पर्ची आने वाली है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में ऐसी सरकार पहली बार शासन कर रही है जहां पर अगर सरकार का कोई विरोध करता है तो उसी के खिलाफ प्रशासन कार्रवाई करने के लिए उतर जाता है। विरोध करने वाले लोगों के घरों के बिजली और पानी के कनेक्शन तक काट दिए जाते हैं। इसी के साथ आम जनता को लूटने के लिए स्मार्ट मीटर नाम की योजना चलाई जा रही है। राजस्थान और केंद्र की भाजपा सरकार अगर इसी तरह राज करते रही तो आने वाले दिनों में संविधान को ही बदलकर रख देगी।
इस दौरान उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर इस सरकार के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान करतें हुए कहा कि संविधान बचाना है तो सभी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगे आना होगा। इस दौरान दोनों नेताओं ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान की सरकार संविधान को ताक पर रखकर पंचायती राज और नगर निकायों के चुनाव नहीं करवा रही है जबकि चुनाव 5 साल में होने चाहिए।
















































