लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
ठेकेदार से तीन लाख दस हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए कर्मचारी, आयुक्त की भूमिका भी संदिग्ध
धौलपुर ।
राजस्थान के धौलपुर जिले में भरतपुर एसीबी की टीम ने नगर परिषद कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला एईएन सहित पाँच कर्मचारियों को तीन लाख दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह रिश्वत ठेकेदार से बिल पास कराने के एवज में मांगी जा रही थी।
एसीबी के एडिशनल एसपी अमित सिंह ने बताया कि एक राजकीय संवेदक ने एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि धौलपुर नगर परिषद में कार्यरत एईएन प्रिया, वरिष्ठ सहायक भरत कुमार, वरिष्ठ सहायक नीरज, संविदा कर्मी हरेंद्र तथा चालक देवेंद्र बारिश के पानी की निकासी से संबंधित लगभग 35–40 लाख रुपये के बिल को पास कराने के लिए अलग-अलग तरीके से रिश्वत की मांग कर रहे थे।
परिवादी की शिकायत के बाद एसीबी ने गुप्त रूप से भौतिक सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद गुरुवार को एसीबी की टीम ने नगर परिषद कार्यालय में छापा मारकर पाँचों आरोपियों को 3 लाख 10 हजार रुपये की राशि के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।
एडिशनल एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा की भूमिका भी संदिग्ध प्रतीत हो रही है। भौतिक सत्यापन में उनका नाम सामने आया है, इसलिए उनसे भी पूछताछ की जा रही है।
एसीबी की कार्रवाई के बाद नगर परिषद कार्यालय में हड़कंप मच गया और अधिकांश कर्मचारी दफ्तर छोड़कर चले गए। एडिशनल एसपी ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और आवश्यक अनुसंधान के बाद आरोपियों को भरतपुर एसीबी कोर्ट में पेश किया जाएगा।











































