लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धौलपुर। धौलपुर जिले में दो दिन पहले हुए लाठी-भाटा संघर्ष के बाद एक महिला की मौत से माहौल गरमा गया। घटना में कई लोग घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। गंभीर रूप से घायल एक महिला को बाद में जगदीश आई सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका का शव ग्वालियर से धौलपुर लाने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट स्थित धौलपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन मामले में ढिलाई बरत रहा है।
घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।


















































