डोटासरा चुनावों के दौर में करें राजनीति, फिलहाल जनता के विकास के लिए सरकार के साथ निभाएं सकारात्मक भूमिकाः- मदन राठौड़
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर,। (रूपनारायण सांवरिया) 76वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रविवार 26 जनवरी 2025 को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने तिरंगा फहराया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गणतंत्र दिवस समारोह में तिरंगा फहराने के बाद प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। हमें संविधान का सम्मान करना चाहिए। संविधान में आम आदमी केे मौलिक अधिकारों की रक्षा की व्यवस्था की गई है। ऐसे में हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने डोटासरा के बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मौलिक अधिकारों के तहत सबको बोलने की आजादी है। इस लिए डोटासरा जी भी बोलने के लिए आजाद है, लेकिन उनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र लगाने से क्या आपत्ति है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री किसी पार्टी या वर्ग विशेष का नहीं होता। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पद पर शपथ लेने के बाद वे देश के और पूरे प्रदेश के हो जाते है। ऐसे में उनका चित्र लगाना और उनका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है और कर्त्तव्य भी है। राठौड़ ने डोटासरा को सलाह देते हुए कहा कि फिलहाल राजस्थान में चुनाव दूर है ऐसे में उनको राजनीति छोड़कर सरकार के साथ जनता के विकास में सहयोग करना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने एक सवाल के जवाब में कहा कि राम मंदिर का निर्माण हम सभी देशवासियों के लिए गौरव और स्वाभिमान का प्रतिक है और राम मंदिर का निर्माण जब तक नहीं हुआ था, तब तक हमें गुलामी का अहसास करवाया जाता था। हमें निराश और हतोत्साहित करने का प्रयास किया जाता था। जब से राम मंदिर बना है उसके बाद देश का आमजन गौरव की अनुभूति कर रहा है। अब राम मंदिर निर्माण से किसी को आपत्ति है तो उसे अपने संस्कारों को याद करना चाहिए। उनके पूर्वजों ने राम मंदिर के लिए संघर्ष किया होगा, वो भूल गए है। इस दौरान भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पुर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, विधायक बाल मुकुंदाचार्य, गोपाल शर्मा, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, मेयर कुसुम यादव, राजस्थान धरोवर सरंक्षण प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, प्रदेश मंत्री अजित मांढण, भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, रजनीश चनाना, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, सहित भाजपा प्रदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इससे पहले शहर के बड़ी चौपड़ पर आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने तिरंगा फहराया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ , जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, विधायक बाल मुकुंदाचार्य, गोपाल शर्मा, मेयर कुसुम यादव, भाजपा प्रदेश मंत्री अजित मांढण, जयपुर शहर जिला अध्यक्ष राघव शर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित शहरवासी उपस्थित रहे।















































