लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। विश्व हिंदू परिषद, नागौर द्वारा मासिक सत्संग एवं फागोत्सव के आयोजन में देशभक्ति फाग गीत और भजन-कीर्तन का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम केशवदास जी की बगीची में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मेघराज राव ने गणपति वंदना और भगवान श्री कृष्ण के भजन से की। तत्पश्चात संस्कार भारती के सतपाल सांधू ने भजन “राम नाम रस मीठा रे भाई” की प्रस्तुति दी। आकाशवाणी के उद्घोषक मांगीलाल देवड़ा ने फाग गीत प्रस्तुत किया, जबकि गायक अनिल सारस्वत ने गुरु महिमा पर भजन प्रस्तुत किया।
गणेश त्रिवेदी ने “समझ मन मांयला रे थारी मेलोड़ी चादर धोय” भजन की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को नई ऊंचाई दी। धीरज दाधीच ने राग दरबारी में भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांधा। वहीं, परमेश्वर गौड़ ने भी भजन प्रस्तुत किए। मुरली मनोहर शर्मा ने देशभक्ति फाग गीत “जय बजरंगी जय महाकाली” के माध्यम से देशभक्ति का भाव संचार किया।
इस अवसर पर रामद्वारा के महंत जानकी दास महाराज ने कहा कि हिन्दू धर्म में गौमाता का विशेष स्थान है। वेद और पुराणों में गौमाता को विश्व की जननी और 33 कोटि देवी-देवताओं का निवास बताया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गौमाता की दुर्दशा को देखकर संत समाज ने गो सम्मान आह्वान अभियान प्रारंभ किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अभियान से जुड़कर सरकार से गौमाता के उचित सम्मान, सुरक्षा और सेवा के लिए प्रार्थना करें।
प्रांत के सत्संग प्रमुख पुखराज सांखला ने सत्संग की महिमा का वर्णन किया। कार्यक्रम शांति पाठ और भारत माता की आरती के साथ संपन्न हुआ, जिसके अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर संत लक्ष्य आनंद महाराज, पुखराज छापरवाल, सत्संग प्रमुख जंवरीलाल भट्ट, बाबूलाल टाक, पर्यावरण प्रेमी शिवनाथ गोदारा, धनराज पालड़िया, राधेश्याम टोगसिया, रामनिवास झाड़वाल, महिला उपाध्यक्ष अनुपमा उपाध्याय, प्रखंड उपाध्यक्ष छोटू लाल तिवारी, मातृशक्ति जिला संयोजिका पुनीता तिवारी, प्रखंड संयोजिका सुनीता तिवारी, बाला प्रसाद, दौलत राम सारण, नवलाराम सहित अनेक भजन गायक, संत महात्मा और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम देव रात्रि तक चलता रहा और दर्शकों में धार्मिक एवं देशभक्ति भाव समाहित करता हुआ एक अद्भुत अनुभव प्रदान किया।















































