लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
दीपावली पर आगजनी की दो घटनाएं, दमकल कर्मियों ने समय रहते पाया काबू
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ — श्रीगंगानगर।
दीपावली पर्व के उत्सव के बीच श्रीकरणपुर क्षेत्र से आगजनी की दो घटनाओं की सूचना मिली है। पहली घटना निकटवर्ती गांव 40F की बताई जा रही है, जहां बनछटियों (लकड़ी के ढेर) में अचानक आग लग गई। वहीं दूसरी घटना श्रीकरणपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 में परमपाल सिंह के नोहरे और वार्ड संख्या 10 में एक घर के बाहर पड़ी लकड़ियों में आग लगने की है।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई के चलते कोई बड़ी घटना या जनहानि नहीं हुई।
पटाखों और आतिशबाजी से बढ़ रहा आगजनी का खतरा
दीपावली के अवसर पर जगह-जगह पटाखों और आतिशबाजी के कारण आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
दमकल कर्मियों की स्फूर्ति से टली बड़ी घटना
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि दमकल कर्मियों की स्फूर्ति और त्वरित प्रतिक्रिया के कारण आग को फैलने से रोका जा सका। क्षेत्र में स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।








































