लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की जाँच, दूषित सामग्री नष्ट
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) – दीपावली पर्व के अवसर पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में “शुद्ध आहार – मिलावट पर वार” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान दूषित मिठाइयों और खाद्य पदार्थों को नष्ट किया गया और नमूने परीक्षण हेतु अजमेर प्रयोगशाला भेजे गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने लिए गए। श्री खेतेश्वर लोधाण स्वीट्स कार्नर, गंगापुर चौराहा से गुलाब जामुन और मिल्क केक के नमूने लिए गए, जबकि 5 किग्रा रसगुल्ला और 5 किग्रा माव मिठाई दूषित पाए जाने पर जनहित में नष्ट कराए गए। इसके अलावा, मैसर्स बीकानेर स्वीट्स और श्री चारभुजा ऑयल मिल्स से भी नमूने लिए गए।
सभी नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, अजमेर में जाँच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत जिले में निरंतर निगरानी रखी जा रही है। खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे:
-
खाद्य अनुज्ञा पत्र बनाएँ और प्रतिष्ठान में प्रदर्शित रखें।
-
खाद्य तेल और मसालों को खुले में न बेचें।
-
साफ-सफाई बनाए रखें।
-
मिठाइयाँ और अन्य खाद्य सामग्री ढककर रखें।
-
उच्च गुणवत्ता और फ़ूड ग्रेड पैकेजिंग सामग्री का उपयोग करें।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार यादव और राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।
नागरिकों से अपील: यदि कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थ बनते या बेचे जा रहे हों, तो इसकी सूचना कन्ट्रोल रूम नंबर 9462819999 या 01482-232643 पर दी जा सकती है।



















































