लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मालीपुर मोड़ पर घेराबंदी कर दो वाहन जब्त, तीन कथित गांजा तस्कर गिरफ्तार; तस्करी नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी
डीग।
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ डीग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 51 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मालीपुर मोड़ पर नाकाबंदी कर दो वाहनों को घेरकर जब्त किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो वाहनों के जरिए गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मालीपुर मोड़ पर नाकाबंदी और घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 51 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
जीएसटी इंचार्ज की अहम भूमिका
पुलिस कार्रवाई में जीएसटी इंचार्ज अमर सिंह की अहम भूमिका बताई जा रही है। वहीं थाना प्रभारी हीरा लाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तस्करी नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसके साथ ही तस्करी से जुड़े नेटवर्क के अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
51 किलो गांजे की बरामदगी और तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
