लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री बोले—संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे ढाई वर्ष में पूरे, निकायों में भाजपा के मजबूत बोर्ड से विकास को मिलेगी और रफ्तार
अजमेर (रितु मेहरा)। नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार अभियान के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को अजमेर में भव्य रोड शो कर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसमर्थन जुटाया। रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में आमजन और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अजमेर में उमड़ा जनसैलाब पिछले ढाई वर्षों में राजस्थान में हुए विकास कार्यों के प्रति जनता के विश्वास और उत्साह को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश के विकास को गति दी है। अब नगरीय निकायों में भाजपा को मजबूत जनादेश मिलने से विकास की यह रफ्तार और तेज होगी।
‘संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे पूरे किए’
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार जो कहती है, उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहती है। यही कारण है कि राजस्थान विधानसभा चुनाव के दौरान जारी संकल्प पत्र में किए गए वादों में से 78 प्रतिशत कार्य ढाई वर्ष के भीतर पूरे किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में पानी की वर्षों पुरानी आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक काम हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दशकों से अटकी योजनाओं को अब धरातल पर उतारा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता, देवास योजना तथा ब्राह्मणी-बनास से बीसलपुर तक पानी लाने जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से प्रदेश के जल संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है।
‘राजस्थान बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर’
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान बिजली के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान अब दूसरे राज्यों को बिजली देने की स्थिति में पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बिजली के साथ ही रोडवेज और डेयरी क्षेत्र को भी घाटे से निकालकर मजबूत करने का काम किया है।
युवाओं को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री ने युवाओं के मुद्दे पर कहा कि सरकार ने पेपर लीक माफिया पर नकेल कसते हुए करीब 1 लाख 88 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी हैं। वहीं करीब 1 लाख 22 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है और लगभग 70 हजार पदों की वैकेंसी निकाली जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यकर्ताओं से भाजपा बोर्ड बनाने का आह्वान
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में उन्होंने चुनावी रणनीति पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।
मुख्यमंत्री ने सभी निकायों में भाजपा का बोर्ड बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत स्थानीय निकाय सरकार के विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
रोड शो और बैठक के दौरान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, विधायक अनिता भदेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।