लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षिकाओं को शॉल, माला और मोमेंटो देकर किया सम्मानित, शिक्षकों के महत्व पर वक्ताओं ने रखे विचार
जोधपुर। बृजकिशोर पारीक
लायंस क्लब जोधपुर एक्टिव की ओर से शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिकाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की शिक्षिकाओं को शॉल, माला और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
क्लब अध्यक्ष एडवोकेट संजीव व्यास और सचिव रॉकस्टार अमित पेढ़ीवाल ने बताया कि क्लब की ओर से प्रतिवर्ष डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी शिक्षिकाओं के सम्मान का आयोजन किया गया।
समारोह में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य चंचला पनिया, वंदना गहलोत, रिया, पूजा, सुमन, ललिता, अलीना और रिजा सहित 14 सेक्टर स्कूल की शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया। इसके अलावा सेंट्रल स्कूल बनाड़ की शिक्षिका चंचल गहलोत, आर्मी स्कूल की हेड डॉली, महालक्ष्मी स्कूल की प्रधानाचार्य ज्योत्सना, आदर्श स्कूल के मिश्री लाल सोडा एवं सुशीला जी, शिक्षक ठाकुर जयपाल सिंह राठौड़, गुरुकुल की नीलम सिंघवी और जया शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शिक्षिकाओं ने बच्चों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेकर माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।
इस दौरान रॉकस्टार अमित पेढ़ीवाल ने गुरु की महिमा पर आधारित ‘गुरु गोविंद दोऊ खड़े’ की प्रस्तुति दी। इसके साथ ही उन्होंने ‘गर्दिश में हो तारे, न घबराना प्यारे’ गीत भी प्रस्तुत किया। गीतों पर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ नृत्य किया और कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित शिक्षकों का मिष्ठान से मुंह मीठा करवाकर उन्हें बधाई दी गई।
‘शिक्षक बच्चों के करियर की नींव’
माइक्रो चेयरपर्सन उषा गर्ग ने कहा कि शिक्षक बच्चों के करियर की नींव तैयार करते हैं। बच्चा डॉक्टर, कलेक्टर, इंजीनियर, सीए या सीएस सहित किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़े, उसके व्यक्तित्व और प्रतिभा को निखारने में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा शिक्षकों का मान-सम्मान करना चाहिए।
क्लब अध्यक्ष एडवोकेट संजीव व्यास ने कहा कि बच्चे छोटे पौधे की तरह होते हैं। उन्हें जिस तरह के संस्कार और शिक्षा दी जाती है, उसी के अनुरूप उनका व्यक्तित्व विकसित होता है। शिक्षकों की भूमिका बच्चों के भविष्य निर्माण में बेहद महत्वपूर्ण है।
सचिव रॉकस्टार अमित पेढ़ीवाल ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हमें सदैव उनका सम्मान और आदर करना चाहिए।
इस अवसर पर गीता खेतानी और वीना हरवानी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों और क्लब सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।