लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
राजेन्द्र शर्मा जती
भरतपुर। भरतपुर में डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ.शैलेश दिगम्बर सिंह ने आज अपना 45वां जन्मदिवस सादगी, श्रद्धा और सामाजिक समर्पण के भाव के साथ मनाया। इस विशेष अवसर पर क्षेत्रवासियों, समर्थकों और राजस्थान के शीर्ष नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
दिन की शुरुआत उन्होंने अपने भरतपुर स्थित आवास पर समर्थकों से शुभकामनाएँ ग्रहण कर की, जहां सुबह से ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति उन्हें शुभकामनाएँ देने पहुँचे।
इसके पश्चात उन्होंने अपने पिता स्व. डॉ. दिगंबर सिंह की समाधि पर जाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। स्व. डॉ. सिंह राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और जनसेवा के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए विधायक शैलेश ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही, वे अपनी माता आशा सिंह की समाधि पर भी पहुँचे और उनके चरणों में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जनमिलन समारोह – प्रेम गार्डन, मुखर्जी नगर में आयोजित
विधायक डॉ. शैलेश दिगम्बर सिंह के भव्य जन्मदिवस समारोह का आयोजन प्रेम गार्डन, मुखर्जी नगर, भरतपुर में किया गया, जहाँ हज़ारों की संख्या में लोगों ने शिरकत की। इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, वैर विधायक बहादुर सिंह कोली, बयाना विधायक रितु बनावत, पूर्व सांसद रंजीता कोली, रामस्वरूप कोली, पूर्व विधायक बच्चू बंशीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र गोयल, गिरधारी तिवारी, भानुप्रताप राजावत सहित राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व मौजूद रहे। भरतपुर, डीग, अलवर एवं प्रदेश के विभिन्न भागों से लगभग 10 हज़ार लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं। लोगों ने चाँदी के मुकुट, मालाओं, साफ़ा के द्वारा डॉ. शैलेश सिंह को बधाइयाँ और आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र राठौड़, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य, सिविल लाइन विधायक गोपाल शर्मा, पूर्व सांसद पंडित रामकिशन सहित प्रदेश के अनेक विधायकों ने डॉ. शैलेश सिंह को फ़ोन पर जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, मंत्री सुरेश सिंह रावत, जोराराम कुमावत,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, सतीश पूनियां, कामां विधायक नौक्षम चौधरी, नदबई विधायक जगत सिंह सहित राजस्थान सरकार के कई मंत्रीगण, विधायकगण तथा वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों ने भी उन्हें सोशल मीडिया पर जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु एवं सफल राजनैतिक जीवन की कामना की।
जनसेवा को समर्पित संकल्प
अपने जन्मदिवस के अवसर पर विधायक ने कहा कि “यह दिन मेरे लिए केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि जनसेवा के नए संकल्प का दिन है। मैं अपने क्षेत्रवासियों की सेवा को ही अपना धर्म मानता हूँ और जनकल्याण हेतु हरसंभव प्रयास करता रहूंगा। उन्होंने अपने पिता एवं विकास पुरुष डॉ. दिगम्बर सिंह जी को याद करते हुए उनके सपनों का डीग-कुम्हेर बनाने का संकल्प लिया।















































