लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा
राजसमंद। लापसिया पंचायत स्थित दौलतपुरा राजकीय विद्यालय में सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को स्कूली बच्चों के लिए स्वेटर एवं शूज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरज के डॉ. प्रतीक टिक्कीवाल भामाशाह के रूप में आगे आए और विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए। वहीं एक अन्य भामाशाह की ओर से जरूरतमंद विद्यार्थियों को शूज प्रदान किए गए।
सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई। बताया गया कि डॉ. प्रतीक टिक्कीवाल पिछले करीब 10 वर्षों से कुरज सीएचसी में सेवाएं देने के साथ-साथ आसपास के विद्यालयों के बच्चों की नियमित सहायता करते आ रहे हैं। प्रत्येक वर्ष सर्दी के मौसम में स्वेटर वितरण कर वे मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश कर रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रेलमगरा के अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी यशवंत जोशी ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी, मन लगाकर अध्ययन करने और निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया।
संस्था प्रधान लालूराम खटिक ने अतिथियों का तिलक व पगड़ी पहनाकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन विमला शर्मा ने किया। इस अवसर पर भामाशाह स्व. लालूराम जागेटिया (कुरज) की धर्मपत्नी कौशल्यदेवी की ओर से विद्यालय के गरीब विद्यार्थियों को शूज वितरित किए गए।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ सत्यप्रकाश वैष्णव, ओमप्रकाश जीनगर, पवन कुमार, सोनल सुवालका, सीता सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में भामाशाहों का आभार व्यक्त किया गया।











































