लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
फुलेरा (जयपुर)। रिपोर्ट – डब्लू गोस्वामी
फुलेरा थाना क्षेत्र के इटावा गांव से दहेज प्रताड़ना और हमला का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इटावा निवासी ललिता कंवर (बिट्टू) ने आरोप लगाया कि 24 सितंबर को जब उनकी मां उन्हें लेने आईं, तो सास और पति की दोनों बहनों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उनकी मां हंसा कंवर को लोहे की सरिया से पीटा, जिससे उनके कान के पास गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। घटना की रिपोर्ट फुलेरा थाने में दर्ज करवाई गई (राशिद नंबर 538), लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ललिता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनकी शादी 19 फरवरी को हुई थी और उन्होंने काफी दहेज दिया, बावजूद इसके ससुराल वाले लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले नीमच (मध्यप्रदेश) में भी दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज था, मगर आरोपी अग्रिम जमानत लेकर छूट गए और अब इटावा में रह रहे हैं।
पीड़िता ने राजस्थान सरकार और प्रशासन से सुरक्षा और न्याय दिलाने की तत्काल गुहार लगाई है।