Home latest ‘विरासत में मिली सत्ता व्यक्तित्व का निर्माण नहीं कर सकती’

‘विरासत में मिली सत्ता व्यक्तित्व का निर्माण नहीं कर सकती’

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर में भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक, 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति बनी

मौर्य बोले— परिवारवाद से ऊपर उठकर जनसेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए, ओबीसी मोर्चा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएगा

  रूपनारायण सांवरिया

जयपुर। भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अमरपाल मौर्य ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और अन्य विपक्षी दलों पर परिवारवाद की राजनीति को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विरासत में मिली सत्ता व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण नहीं कर सकती। कांग्रेस आज भी देशहित से ज्यादा परिवार की चिंता में लगी हुई है। मौर्य भारतीय जनता पार्टी राजस्थान प्रदेश ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में केंद्र और राजस्थान की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, पिछड़ा वर्ग के उत्थान तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।

ओबीसी समाज तक पहुंचाएंगे सरकार की उपलब्धियां

अमरपाल मौर्य ने कहा कि राजस्थान में ओबीसी मोर्चा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाएगा। विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, वंचित, पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। मौर्य के अनुसार, प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन जनसेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण है। गरीब परिवार में जन्म लेने के कारण वे आमजन की समस्याओं और जरूरतों को बेहतर ढंग से समझते हैं। सरकार की ओर से राशन, स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़कों और आधारभूत ढांचे के विस्तार जैसे क्षेत्रों में काम किया जा रहा है।

मदन राठौड़ बोले— ओबीसी मोर्चा बने संगठन का हरावल दस्ता

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ओबीसी मोर्चा को पार्टी के हरावल दस्ते के रूप में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों, पिछड़ों और वंचितों के हितों को प्राथमिकता देती है। सरकार की योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना मोर्चा के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

राठौड़ ने विपक्ष पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज को सशक्त और समृद्ध बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, उन्हें जागरूक करने और समाज के सभी वर्गों को संगठन के साथ जोड़ने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

अंत्योदय के सिद्धांत पर काम कर रही सरकार: अजेय कुमार

भाजपा के संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत के अनुरूप समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

अजेय कुमार ने मोर्चा के कार्यकर्ताओं से योजनाबद्ध तरीके से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और समाज तथा संगठन के बीच सेतु की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रदेश पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर, राजस्थान भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमावत सहित मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के जरिए पिछड़ा वर्ग के लोगों तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version