लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ऊर्जा मंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
चौमहला/झालावाड़। स्मार्ट मीटर लगाए जाने और विद्युत विभाग द्वारा प्रतिभूति (सिक्योरिटी) राशि जमा कराने के लिए जारी नोटिसों के विरोध में आम नागरिक समिति, चौमहला के नेतृत्व में शनिवार को ऊर्जा मंत्री, राजस्थान सरकार के नाम उपखंड अधिकारी गंगधार को ज्ञापन सौंपा गया।
समिति के संस्थापक अंशुल पटेल ने बताया कि उपखंड क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के घरों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। उनका आरोप है कि इससे आम नागरिकों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा विभाग द्वारा प्रतिभूति (सिक्योरिटी) राशि जमा कराने के लिए नोटिस जारी कर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें
ज्ञापन के माध्यम से समिति ने सरकार और विद्युत विभाग से निम्नलिखित मांगें रखीं—
- उपभोक्ताओं के घरों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने की प्रक्रिया तत्काल बंद की जाए।
- स्मार्ट मीटरों की बिलिंग और रीडिंग की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। समिति का आरोप है कि नए मीटर सामान्य मीटरों की तुलना में अधिक रीडिंग दर्ज कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिजली बिल प्राप्त हो रहे हैं।
- जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहां पुनः पुराने मीटर लगाए जाएं।
- प्रतिभूति (सिक्योरिटी) राशि जमा कराने के लिए जारी किए गए नोटिस तत्काल वापस लेकर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
8 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
समिति ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर आठ दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे गंगधार उपखंड में बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही ऊर्जा मंत्री एवं स्थानीय विधायक का पुतला दहन कर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। समिति ने कहा कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान आम नागरिक समिति के संस्थापक अंशुल पटेल, किराना व्यापार संघ अध्यक्ष पवन पिछोलिया, नारायणलाल अग्रवाल, अजय जैन, साजिद, राजेश, प्रमोद, भंवर मोदी, यशवंत बैरागी, शिवलाल, महावीर जैन, माजिद, सद्दाम, दिलीप, महेश नायक, पुलकित, विजय, गोविंद, श्याम, अमित, पंकज, कमलेश, प्रतीक, अंतिम, बंटी भाई सहित आम नागरिक समिति एवं व्यापार संघ के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।