लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पतंग विक्रेताओं की दुकानों पर छानबीन, दुकानदारों को दिए नोटिस
नावां सिटी | रिपोर्टर: मनीष पारीक।
नावां सिटी | शहर में चाइनीज मांझे की बिक्री को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नावा एसडीएम के आदेशों की पालना में मंगलवार को नावा पुलिस एवं नगरपालिका प्रशासन की संयुक्त टीम ने सर्च अभियान चलाया।
अभियान के तहत शहर में स्थित पतंग विक्रेताओं की दुकानों पर चाइनीज मांझे की तलाश की गई। पुलिस हेड कांस्टेबल रामकल्याण एवं नगरपालिका के कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र सारस्वत के नेतृत्व में दुकानों की जांच की गई।
तलाशी के दौरान दुकानदारों को चाइनीज मांझा नहीं रखने और नहीं बेचने की सख्त हिदायत देते हुए नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चाइनीज मांझा प्रतिबंधित है तथा इसका भंडारण और बिक्री दोनों ही दंडनीय अपराध हैं। यदि किसी भी दुकान या व्यक्ति के पास चाइनीज मांझा पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अचानक की गई इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दुकानदारों को बताया कि चाइनीज मांझे के कारण कई राहगीरों और वाहन चालकों की जान जा चुकी है, जबकि अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। साथ ही खुले आसमान में विचरण करने वाले पक्षी भी इस प्लास्टिक मांझे की चपेट में आकर घायल होते हैं और कई बार उनकी मौत हो जाती है।
हालांकि तलाशी अभियान के दौरान किसी भी दुकान पर चाइनीज मांझा बरामद नहीं हुआ, लेकिन इसके बावजूद शहर में बिजली के तारों और पेड़ों पर पतंगों के साथ चाइनीज मांझा लटका हुआ दिखाई दे रहा है। ऐसे में यह सवाल खड़ा हो रहा है कि जब दुकानों पर मांझा नहीं मिला, तो शहर में इसकी आपूर्ति आखिर कहां से हो रही है। यह स्थिति प्रशासन की कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े करती है।
