लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
आकोला कस्बे के पास चांदगढ़ गांव में बनास बचाओ संघर्ष समिति का धरना अवैध बजरी खनन रोकने की मांग को लेकर लगातार 30वें दिन भी जारी रहा। मंगलवार को आंदोलन और उग्र हो गया। अवैध खनन पर प्रशासन की चुप्पी से नाराज ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और क्षेत्रीय विधायक गोपाललाल खंडेलवाल का पुतला दहन कर विरोध जताया।
धरना स्थल पर “विधायक जी! बजरी की दलाली लेना बंद करो!”, “माफिया–प्रशासन गठजोड़ मुर्दाबाद!” जैसे नारे लगातार गूंजते रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन, पुलिस और माइनिंग विभाग मिलकर बजरी माफिया को संरक्षण दे रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अवैध खनन नहीं रुका तो आंदोलन जिला स्तर तक तेज किया जाएगा।
पहले किया था सद्बुद्धि हवन
आंदोलन के 22वें दिन सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में महापंचायत और विशेष हवन किया गया था। पंडित रामलाल शर्मा द्वारा संपन्न हवन में प्रशासन और सरकार को अवैध गतिविधियों पर तत्काल लगाम लगाने की प्रार्थना की गई।










































