लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। शहर के चामुंडा माता मंदिर परिसर में प्रति वर्ष की तरह इस बार भी कपड़ा बैंक का संचालन गुरुवार से शुरू कर दिया गया है। मंदिर समिति के भीम सिंह गौड ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से यहां कपड़ा बैंक संचालित हो रहा है, जो सर्दियों के मौसम में विशेष रूप से असहाय, जरूरतमंद और घुमंतू लोगों के लिए बड़ा सहायक सिद्ध होता है।
कपड़ा बैंक में आमजन के सहयोग से प्राप्त पहनने लायक कपड़े, गर्म कपड़े और छोटे बच्चों के वस्त्र उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें जरूरतमंद लोग अपनी आवश्यकता अनुसार ले सकते हैं। कपड़ा बैंक प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायंकाल 7:00 बजे तक संचालित रहेगा।
समिति ने लोगों से अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की है, ताकि अधिक संख्या में जरूरतमंदों को लाभ मिल सके। कपड़ा बैंक शुरू होते ही कई जरूरतमंद लोग पहुंचे और अपनी पसंद के अनुसार कपड़े लेकर गए।
भीम सिंह गौड ने बताया कि शीघ्र ही कपड़ा बैंक में पाठ्य सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे घुमंतू और वंचित बच्चों को शिक्षा में सहायता मिल सके तथा उनकी रुचि पढ़ाई की ओर बढ़ाई जा सके।



















































