लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा
राजसमंद। जिले के फियावड़ी सड़क मार्ग के किनारे कुंवारिया पंचायत द्वारा गांव का कचरा डाले जाने से क्षेत्र में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़क के दोनों ओर तथा आसपास प्लास्टिक की थैलियां बिखरी होने से फियावड़ी गांव के मवेशियों के बीमार होने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीण राहुल जाट, जगदीश चंद्र एवं रामलाल ने बताया कि यह कचरा कुंवारिया कस्बे की पंचायत द्वारा डलवाया जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में कई बार पंचायत के जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि कस्बे का कूड़ा-करकट जलाशय के आसपास फैल रहा है, जहां गांव के सैकड़ों पालतू और आवारा मवेशी चरने आते हैं। प्लास्टिक थैलियां मवेशियों के चारे में मिल जाने से उनके बीमार पड़ने और मृत्यु तक का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि हवा के साथ प्लास्टिक थैलियां सड़क किनारे से दूर-दराज तक फैल रही हैं, जिससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। इस स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने कचरे के तत्काल निस्तारण एवं क्षेत्र की साफ-सफाई कराने की मांग की है।
इस संबंध में कुंवारिया पंचायत के प्रशासक सरपंच ललित श्री माली ने बताया कि कस्बे के कचरे का निस्तारण 20 फीट गहरा गड्ढा खोदकर किया जा रहा है। यदि कहीं कचरा खुला पड़ा है या फैल रहा है, तो उसे शीघ्र नष्ट करवाया जाएगा, ताकि मवेशियों को किसी प्रकार का खतरा न हो।











































