लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धरने के बाद कांग्रेस नेता मुकन सिंह राजपुरोहित की मध्यस्थता से हुआ समाधान
समदड़ी। सिवाना विधानसभा उपखंड क्षेत्र की पाऊ ग्राम पंचायत (पादरू) में बिजली विभाग की लापरवाही के चलते एक लाइनमैन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में कर्मी के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए, जिससे उसके हाथ लगभग खराब हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल कर्मी को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना से आक्रोशित आमजन और किसानों ने बिजली विभाग के आला अधिकारियों से संपर्क कर उचित कार्रवाई और सहायता की मांग की, लेकिन अधिकारियों के हठधर्मी रवैये के कारण कोई समाधान नहीं निकल सका।
इससे नाराज क्षेत्र के किसान और ग्रामीण बिजली विभाग कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। धरना स्थल पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और वार्ता हुई, लेकिन बातचीत विफल रही।
इसी दौरान जैसे ही घटना की जानकारी पूर्व प्रधान एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकन सिंह राजपुरोहित को मिली, वे बिना विलंब किए धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार, ग्रामीणों, किसानों और विद्युत विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर मामले को गंभीरता से उठाया और पीड़ित परिवार की समस्याओं एवं मांगों के त्वरित समाधान पर जोर दिया।
पूर्व प्रधान मुकन सिंह राजपुरोहित की समझाइश और हस्तक्षेप के बाद विद्युत विभाग के आला अधिकारी मांगों को मानने पर सहमत हो गए। इसके बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने भी सहमति जताई और धरना समाप्त किया गया।
घटना के समाधान के बाद क्षेत्र में शांति बनी, वहीं ग्रामीणों ने कांग्रेस नेता मुकन सिंह राजपुरोहित के प्रयासों की सराहना की।










































