लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोकेशन: पीसांगन, अजमेर
स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी
पीसांगन, अजमेर। पीसांगन उपखंड क्षेत्र के बुधवाड़ा बिजली घर पर थ्री-फेज बिजली आपूर्ति के समय में बदलाव की मांग को लेकर बुधवार सुबह से किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी था। आक्रोशित किसान बिजली घर की सप्लाई बंद कर धरने पर बैठ गए, जिससे बुधवाड़ा, रामपुरा डाबला, कालेसरा और गढ़ी गुजरान सहित कई गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
मामले की जानकारी पर देर शाम विधायक रामस्वरूप लांबा मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। उनके साथ थानाधिकारी प्रहलाद सहाय, एईएन पंकज कुमार, और जेईएन मनीष कुमार ने भी किसानों को समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन देर शाम तक कोई समाधान नहीं निकल सका।
किसानों की प्रमुख मांग थी कि दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक दिए जा रहे थ्री-फेज बिजली समय को पूर्व की भांति सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक के स्लॉट में पुनः लागू किया जाए, क्योंकि इसी समय कृषि कार्यों के लिए बिजली की आवश्यकता अधिक रहती है।
विधायक के हस्तक्षेप से बनी सहमति
गुरुवार को एक बार फिर विधायक लांबा ने किसानों से वार्ता की। बातचीत सकारात्मक रही और किसानों की मांग के अनुसार सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक कृषि हेतु थ्री-फेज बिजली आपूर्ति बहाल करने पर सहमति बन गई।
सहमति बनने के बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त किया और बिजली आपूर्ति को पुनः सुचारू कर दिया गया।
किसानों ने विधायक लांबा और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।










































