लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधायक किलक ने किया शिलान्यास
रियांबड़ी (नागौर) | नागौर जिले के डेगाना उपखंड के भेरुन्दा पंचायत समिति मुख्यालय पर शनिवार को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना की शुरुआत हुई। डेगाना विधायक अजय सिंह किलक ने यहां राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। यह सीएचसी हॉस्पिटल करीब 5.75 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा, जिससे भेरुन्दा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
विधायक अजय सिंह किलक ने कहा कि लंबे समय से भेरुन्दा क्षेत्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मांग कर रहा था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सीएचसी हॉस्पिटल के निर्माण से प्राथमिक और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं समय पर उपलब्ध होंगी और गंभीर रोगियों को दूर के शहरों में रेफर करने की आवश्यकता कम होगी।
निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों और अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने और समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द लाभ मिल सके।
शिलान्यास के मौके पर भेरुन्दा एवं आसपास के गांवों में खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने विधायक का फूलमालाओं और नारों के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान जसवंत सिंह थाटा सहित कई जनप्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीएचसी हॉस्पिटल के निर्माण से प्रसूति सेवाएं, सामान्य उपचार और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं अब क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। शिलान्यास के साथ ही भेरुन्दा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।
















































