लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने आमजन के लिए लू (हीट वेव) एवं तापघात से बचाव को लेकर एडवाइजरी जारी की है, साथ ही सभी चिकित्सा संस्थानों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमएचओ ने बताया कि लू के प्रमुख लक्षणों में अत्यधिक प्यास, शरीर का तापमान बढ़ना, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, कमजोरी और बेहोशी शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सतर्कता बरतना जरूरी है।
क्या रखें सावधानी:
- दोपहर 12 से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें
- सिर को ढककर रखें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
- ओआरएस, नींबू पानी और छाछ का सेवन करें
- बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें
यदि किसी को लू लगने की आशंका हो, तो उसे तुरंत ठंडी जगह पर लिटाकर ठंडे पानी की पट्टियां लगाएं और होश में होने पर पानी या ओआरएस दें। गंभीर स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या 108 एम्बुलेंस सेवा से संपर्क करें।
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. सारण ने अपील की है कि तेज धूप में भारी कार्य से बचें, मादक पदार्थों का सेवन न करें और किसी को भी बंद वाहन में अकेला न छोड़ें।
चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण
सीएमएचओ डॉ. जुगल किशोर सैनी ने गुरुवार को जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने श्रीबालाजी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अलाय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर टीकाकरण गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान लू एवं तापघात के मरीजों के लिए वार्ड आरक्षित करने, पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और ड्यूटी पर कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 108 एम्बुलेंस की सुविधाओं की भी जांच की गई।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि “सावधानी ही बचाव है”, इसलिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
