लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
तैयारियों का जायजा लेने सिहोर से पहुंचे प्रतिनिधि
विनोद सेन, भीलवाड़ा |
धर्मनगरी भीलवाड़ा में पहली बार प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा। यह भव्य कथा 9 से 15 सितम्बर तक आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउण्ड में आयोजित की जाएगी।
तैयारियों का जायजा
कथा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मध्यप्रदेश सिहोर से पंडित मिश्रा के प्रतिनिधि समीर शुक्ला अपनी टीम के साथ भीलवाड़ा पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के महन्त बाबूगिरी महाराज से आशीर्वाद लिया और कथा आयोजन से जुड़ी चर्चा की।
इसके बाद आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी, संयोजक गजानंद बजाज और पदाधिकारियों के साथ कथा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मंच एवं पांडाल निर्माण, प्रवेश-निकासी व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, भोजनशाला प्रबंधन सहित अन्य तैयारियों को देखा और आवश्यक सुझाव दिए।
व्यापक स्तर पर आयोजन
आयोजन समिति के अध्यक्ष विधायक अशोक कोठारी के नेतृत्व में कथा को भव्य बनाने के लिए तैयारियां चल रही हैं। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष सोमानी ने बताया कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से यह आयोजन अभूतपूर्व स्वरूप लेगा। लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
प्रतिनिधि मंडल
सिहोर से आए प्रतिनिधि मंडल में सुनील पाटील, रविन्द्र नायक सहित कुल पाँच सदस्य शामिल थे। इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारी व सदस्य — पीयूष डाड, ललित सोमानी, पवन पंवार, राजेश कुदाल, रामेश्वरलाल ईनाणी, दुर्गालाल सोनी, कैलाश साहू, मनीष अठारिया आदि मौजूद रहे।












































