लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
एक ही छत के नीचे आमजन को मिल रही सभी सरकारी सुविधाएं, लोगों से अपील- लाभान्वितों को जोड़ने में बनें मददगार
जयपुर ।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को भीलवाड़ा के नगर निगम और नगर पालिका हमीरगढ़ में आयोजित शहरी सेवा शिविरों का अवलोकन किया। इन शिविरों में आमजन को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, पीएम आवास योजना और अन्य सरकारी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि इन शिविरों में पहुंचकर सभी योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं और आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी इनसे जोड़ने में मददगार बनें। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के चेक और पट्टे भी वितरित किए।
सेवा पखवाड़ा और आमजन को तत्काल राहत
शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे ग्रामीण और शहरी सेवा शिविर अभियान के माध्यम से अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों से नागरिकों को तुरंत राहत मिल रही है, जैसे सड़क मरम्मत, शहर की सफाई और अन्य जनकल्याणकारी कार्य।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और बाबा भीमराव अम्बेडकर की अंत्योदय की अवधारणा को धरातल पर मूर्त रूप देने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
मोदी सरकार की योजनाओं की सराहना
शर्मा ने केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और GST में कमी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा का आयोजन केवल राजनीति का नहीं, बल्कि समाजसेवा का संदेश है।
मौजूद प्रमुख लोग
इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक गोपाल खंडेलवाल, अशोक कोठारी, लादूराम पीतलिया, उदयलाल भड़ाना सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं इन शिविरों की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जिससे आमजन घर बैठे ही सरकारी योजनाओं का लाभ ले पा रहे हैं।