लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) – शहर के शास्त्रीनगर क्षेत्र में एक प्रवासी पक्षी, राजहंस ग्रे लेग गूज, को रेस्क्यू कर सुरक्षित बचाया गया। जलधारा विकास संस्थान के अध्यक्ष महेश चंद्र नवहाल ने बताया कि बी 365 इलाके में महावीर प्रसाद जैन के घर के पास समाजसेवी कमला देवी चौधरी ने घायल राजहंस को देखा, जो अपने पंखों के किनारे पर चोट के कारण उड़ नहीं पा रहा था।
घटना की सूचना वन विभाग की टीम को दी गई, और अधिकारी सोहनलाल मौके पर पहुंचे। टीम ने राजहंस को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया।
राजहंस ग्रे लेग गूज साइबेरिया से आने वाला प्रवासी पक्षी है। इसकी उड़ने की क्षमता बेहद अद्भुत है और इसे एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ते देखा गया है। शाकाहारी इस पक्षी का मुख्य आहार तालाबों में तैरती वनस्पतियां और बाहर उगी नर्म घास की जड़ें, पत्ते एवं छोटे पौधे होते हैं। लाल चोंच और लाल पैरों वाला यह पक्षी हमारे क्षेत्र में आकर जैव विविधता और पर्यावरण को समृद्ध करता है।