भीलवाड़ा की उड़ान को लगेंगे पंख

0
140
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

— सांसद दामोदर अग्रवाल ने लोकसभा में हमीरगढ़ हवाईपट्टी पर हवाई सेवा शुरू करने की मांग रखी

भीलवाड़ा — भीलवाड़ा वासियों के हवाई अड्डे के सपने को साकार करने के लिए सांसद दामोदर अग्रवाल ने लोकसभा के मानसून सत्र के दौरान नियम 377 के तहत हमीरगढ़ हवाईपट्टी पर क्षेत्रीय उड़ान योजना (UDAN) के अंतर्गत हवाई सेवा शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि हमीरगढ़ हवाईपट्टी को सरकार द्वारा उड़ान दस्तावेज में असेवित हवाईपट्टियों की सूची में शामिल किया गया है, लेकिन अब तक किसी भी एयरलाइन को इस मार्ग पर उड़ान संचालन का आवंटन नहीं हुआ है।

सांसद अग्रवाल ने याद दिलाया कि वर्ष 2019 में उड़ान 4.0 योजना के दौरान इस रूट पर बोलियां आई थीं, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद जैसे प्रमुख शहरों से हमीरगढ़ हवाईपट्टी को शीघ्र जोड़ा जाए, जिससे आमजन और व्यापारिक वर्ग को तेज़ एवं सुरक्षित हवाई यात्रा सुविधा मिल सके।

सांसद प्रवक्ता विनोद झूरानी ने बताया कि भीलवाड़ा देशभर में औद्योगिक और व्यापारिक महत्व रखता है तथा “वस्त्र नगरी” के रूप में अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त कर चुका है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी और पर्यटक आते-जाते हैं, लेकिन हवाई सेवा के अभाव में यात्रियों को 135 किमी दूर उदयपुर या 250 किमी दूर जयपुर एयरपोर्ट का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती है।

उन्होंने कहा कि हवाई सेवा शुरू होने से स्थानीय उद्योग को प्रोत्साहन, पर्यटन को बढ़ावा, निवेश में वृद्धि और रोज़गार के नए अवसर मिलेंगे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here