लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा | रिपोर्ट: पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा | स्वस्थ मातृत्व और सुरक्षित शिशु जन्म के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चिकित्सा विभाग द्वारा मंगलवार को भीलवाड़ा जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर शक्ति दिवस मनाया गया। इस दौरान बच्चों को आयरन सिरप पिलाई गई तथा गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ‘गर्भ की पाठशाला’ यूट्यूब चैनल दिखाकर गर्भवती महिलाओं को स्वस्थ मां और गर्भस्थ शिशु की देखभाल से जुड़ी जानकारी प्रदान की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अतिरिक्त मिशन निदेशक (एनएचएम) एवं आईईसी निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में इस चैनल की शुरुआत की गई है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के जरिए इसका व्यापक प्रचार किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक गर्भवती महिलाएं स्वास्थ्य सेवाओं का समय पर लाभ ले सकें।
उन्होंने बताया कि यह पहल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की निरामय राजस्थान संकल्पना को साकार करने में सहायक साबित हो रही है। चैनल पर पूरक आहार, एनीमिया की पहचान व रोकथाम, गर्भावस्था में सावधानियां, स्तनपान का महत्व और पौष्टिक आहार जैसी जानकारी विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा दी जा रही है।
मंगलवार को आंगनबाड़ी केंद्र सुवाणा द्वितीय का जिला स्तर से डीपीसी-आईईसी अशोक कुमार प्रजापत और डीपीसी-आशा बलबीर द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं और शिशुओं को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई और बच्चों को आयरन सिरप पिलाई गई।
डीपीसी अशोक कुमार प्रजापत ने बताया कि राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को मां और गर्भस्थ शिशु की सुरक्षा, पोषण और देखभाल से जुड़ी जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराना है। वहीं डीपीसी (आशा) बलबीर ने बताया कि चैनल पर गर्भावस्था पहचान, एनीमिया प्रबंधन, पोषण, सुरक्षित प्रसव, नवजात देखभाल और परिवार नियोजन से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है।
चिकित्सा विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे ‘गर्भ की पाठशाला’ यूट्यूब चैनल से जुड़कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त करें और अपने परिवार को स्वस्थ रखें।

















































