लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
कॉन्सर्ट क्रिसेंडो के 10वें संस्करण का हुआ सफल आयोजन
जयपुर। रविवार शाम जवाहर कला केंद्र लोकप्रिय बैंड कोल्डप्ले की मेलोडिज़ से गुलज़ार रहा। विशेष बात यह थी कि बैंड की ओरिजिनल मेलोडिज़ के अलावा वो मेलोडिज़ भी देखने और सुनने को मिलीं जिन्हें युवा कलाकारों ने हमारे शास्त्रीय सुर और ताल से सजाया था। मौका था देवरञ्जनी म्यूजिक स्कूल के एनुअल कॉन्सर्ट ‘क्रिसेंडो’ के आयोजन का।
कार्यक्रम का आरम्भ पद्मश्री तिलक गिताई, कत्थक गुरु डॉ गीता रघुवीर, संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं सुरेश मिश्रा और संस्कृति कर्मी सर्वेश भट्ट द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया । सबसे पहले स्कूल के बाल एवं युवा कलाकारों ने कोल्डप्ले के लोकप्रिय एवं जोशीले गाने ‘समथिंग जस्ट लाइक दिस’ से शुरू किया। कोल्डप्ले के गाने ‘दि स्काई फुल ऑफ़ स्टार्स’ को बच्चों ने पियानो-कीबोर्ड-गिटार पर सिम्फनी के रूप में पेश किया। फिर शुरू हुआ पियानो पर कोल्डप्ले का संगीत जिसमे अश्वत्थ द्विवेदी ने पियानो प्ले करते हुए कोल्डप्ले का गाना ‘दि साइंटिस्ट’ गा कर प्रस्तुत किया। तत्पश्चात शास्वत गुप्ता ने पियानो पर ही ‘एवर ग्लो’ गाने की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का रोचक मोड़ तो तब आया जब ‘हिम्न्स फॉर दि वीकेंड’ गाने पर स्कूल की कत्थक नृत्यांगनाओं ने इसी गाने की ताल पर नृत्य पेश किया। और फिर एक प्रस्तुति में तो स्कूल की गायिकाओं ने कोल्डप्ले का ‘दि स्पार्क’ और कैलाश खेर का ‘सैय्यां’ एक ही ताल पर पेश किया और फिर उस ही ताल पर कत्थक नृत्य भी पेश हुआ। इन्हीं एक्सपेरिमेंट्स की कड़ी में एक और उल्लेखनीय प्रस्तुति रही स्कूल गायिकाओं द्वारा फ़ास्ट नंबर ‘विवा ला विदा’ का गायन जिसके अंत में, इसी गाने के संगीत पर, सुपर-60 क्लब के सदस्यों द्वारा बॉलीवुड के दो नग्मे ‘ये शाम मस्तानी’ और ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे’ की प्रस्तुति।
मंच पर लगे एल इ डी स्क्रीन पर लगातार चल रहे कोल्डप्ले से संबंधित वीडियोस के कारण भी हॉल का माहौल कोल्डप्लेमयी हो गया। कार्यक्रम का समापन कोल्डप्ले के गाने ‘ह्यूमनकाइंड’ पर स्कूल के बच्चों द्वारा सामूहिक नृत्य से हुआ।
स्कूल की डायरेक्टर सरिता द्विवेदी ने बताया की क्रिसेंडो के दसवें संस्करण का थीम काफी चुनौतीपूर्ण था जिसे विद्यार्थियों ने कड़ी लगन से पूरा किया। उन्होंने बताया की बच्चों में यह कॉन्सर्ट इतना पसंद किया जाता है कि इस बार दूसरे राज्यों में ऑनलाइन सीख रहे तीन बच्चे भी इसमें पार्ट लेने जयपुर आये हैं।
कार्यक्रम कि परिकल्पना सरिता द्विवेदी की थी , ट्रैक्स और तकनिकी सपोर्ट अश्वत्थ और कुणाल का था और सभी डांस सीक्वेन्सेस नृत्य गुरु संजय शर्मा के निर्देशन में हुईं।
