लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
भरतपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिले में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इस दौड़ में प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर आम नागरिकों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह की गई, जिसमें जिला कलेक्टर कमर चौधरी, आईजी कैलाश विश्नोई और एसपी दिगंत आनंद ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे की शपथ दिलाई गई।
दौड़ में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी, जवान, कर्मचारी, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट, सीएलजी सदस्य, व्यापारी वर्ग और अन्य समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
रन फॉर यूनिटी के माध्यम से युवाओं को देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय अखंडता का संदेश दिया गया। पूरे आयोजन के दौरान “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
यह आयोजन न केवल सरदार पटेल के योगदान को याद करने का अवसर बना, बल्कि युवाओं में राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को भी सशक्त करने का संदेश दिया।



















































