लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
आरबीएम अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 2500 से अधिक मरीज
भरतपुर।
बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव से मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। संभाग के सबसे बड़े आरबीएम जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन ढाई हजार से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं, जबकि इनडोर वार्ड भी पूरी तरह भरे हुए हैं।
गर्मी, उमस और रुक-रुक कर हो रही बारिश से हालात और बिगड़ गए हैं। जलजमाव के कारण मच्छरों की संख्या बढ़ी है, जिससे डेंगू, मलेरिया, तथा दूषित पानी-भोजन से उल्टी-दस्त और टाइफाइड के मामलों में इजाफा हो रहा है। जिला अस्पताल में सभी वार्डों के बेड फुल हैं, जिससे कई मरीजों को भर्ती करने में परेशानी आ रही है।
अस्पताल में बढ़ी भीड़
आरबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. नगेंद्र भदौरिया के अनुसार, “1 अगस्त से 14 अगस्त तक अस्पताल की ओपीडी में करीब 30,880 मरीज इलाज कराने पहुंचे हैं।” अस्पताल के सभी बेड फुल होने के कारण कई मरीजों को वापस लौटना पड़ा और निजी अस्पतालों में इलाज कराना पड़ रहा है।
चिकित्सकों की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने बीमारियों से बचाव के लिए निम्न सुझाव दिए हैं:
-
उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पिएं
-
बासी भोजन से बचें
-
खाना बनाने और खाने से पहले हाथ धोएं
-
आसपास सफाई रखें और पानी जमा न होने दें
अधिकारियों ने बताया कि नए अस्पताल भवन में व्यवस्था शुरू होने तक मरीजों की भीड़ को संभालना बड़ी चुनौती बनी रहेगी।