भरतपुर में अतिक्रमण पर नगर निगम का एक्शन, सड़क और पार्किंग से हटाए कब्जे

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

भरतपुर। भरतपुर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण को देखते हुए नगर निगम भरतपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार बिश्नोई के निर्देश पर शहर के प्रमुख मार्गों से स्ट्रीट वेंडरों और अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।

नगर निगम की टीम ने बिजली घर चौराहा से कन्नी गुर्जर चौराहा तक सड़क के दोनों ओर लगे स्ट्रीट वेंडरों और अतिक्रमण को हटाया।

आयुक्त श्रवण कुमार बिश्नोई ने बताया कि दुकानदार और स्ट्रीट वेंडर सड़क तक आकर दुकानें लगा लेते थे, जिससे खासकर शाम के समय भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती थी। कई बार समझाइश देने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

पार्किंग पर भी किया गया कब्जा

नगर निगम के अनुसार कुछ लोगों ने सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर भी रेडी और ठेले लगाकर कब्जा कर रखा था। इसके कारण लोगों को सड़क पर वाहन खड़े करने पड़ते थे और जाम की समस्या बढ़ जाती थी।

गुरुवार रात को दुकानदारों और वेंडरों को अंतिम बार समझाइश दी गई थी। इसके बाद नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए पार्किंग स्थलों और सड़कों पर किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को हटा दिया।

निगरानी के लिए गठित की गई टीमें

नगर निगम ने इस क्षेत्र में निगरानी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं, जो नियमित रूप से पेट्रोलिंग करेंगी। जिन स्ट्रीट वेंडरों को नगर निगम द्वारा सब्जी मंडी और दुकानों में स्थान आवंटित किया गया है, उन्हें वहीं शिफ्ट कर दिया गया है।

कुछ लोग इन दुकानों को गोदाम के रूप में उपयोग कर रहे थे, लेकिन अब उन्हें वहीं से व्यापार करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन क्षेत्रों में भी हुई कार्रवाई

नगर निगम की कार्रवाई निम्न क्षेत्रों में की गई—

  • बिजली घर चौराहे से कन्नी गुर्जर चौराहे तक

  • बिजली घर चौराहे से सारस चौराहे तक

  • मानसिंह चौराहे से सर्किट हाउस तक

इन सभी इलाकों से स्ट्रीट वेंडरों को हटाया गया है।

आयुक्त ने कहा कि यह शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक क्षेत्र है और यहां फिलहाल पुलिया निर्माण का कार्य भी चल रहा है। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या स्ट्रीट वेंडिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here