लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अंता की जनता में एक ही आवाज — जीते ईमानदार, क्षेत्र का हो विकास
बारां, 9 नवंबर 2025।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने शनिवार को अंता विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में विशाल रोड शो किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद दुष्यंत सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।
रोड शो अजीतपुरा बालाजी से सीएडी चौराहा, पीडब्ल्यूडी तिराहा होते हुए ब्रह्मपुरी बालाजी तक निकाला गया। जगह-जगह लोगों ने फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं का स्वागत किया। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने ‘माटी का एक ही लाल, मोरपाल-मोरपाल’ के नारे लगाए।
विकास की गारंटी: “ईमानदार प्रत्याशी से ही बदलेगा अंता का भविष्य”
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन स्थानीय, ईमानदार और क्षेत्र की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा, “अंता का विकास मोरपाल सुमन ही करेंगे। हमारी सरकार ने पूरे प्रदेश के लिए पांच साल का विकास रोडमैप तैयार किया है और दो बजटों में हर विधानसभा क्षेत्र को विकास की सौगातें दी हैं।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ईआरसीपी योजना, यमुना जल समझौता, माही बांध, इंदिरा गांधी नहर, गंग नहर जैसी परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य है, जिसमें अभी तक 22 जिलों में यह व्यवस्था लागू की जा चुकी है।
युवाओं और किसानों के हित में फैसले
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसान सम्मान निधि के साथ गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की गई है। पिछले 22 महीनों में सरकार ने 91 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए हैं और डेढ़ लाख पदों पर भर्तियां प्रक्रिया में हैं।
उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य पांच साल में चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देना है। राइजिंग राजस्थान समिट के माध्यम से 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा।”
“जो कल तक गला काट रहे थे, आज पैसे बांट रहे हैं”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आज जो पैसे बांट रहे हैं, वही कल तक गला काट रहे थे। जनता ऐसे लोगों को सबक सिखाएगी।” उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
अंता क्षेत्र में चल रहे विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में 174 करोड़ रुपये की लागत से 41 किमी माल बामोरी–मांगरोल–बारां सड़क, 65 करोड़ की अंता–सीसवाली 4 लेन सड़क और रेल ओवरब्रिज, 15 करोड़ की मऊ–लालकोठी सड़क और 25 किमी मिसिंग लिंक सड़कों के कार्य स्वीकृत हो चुके हैं।
साथ ही चम्बल दायीं मुख्य नहर के शेष 38 किमी हिस्से को पक्का करने के लिए 300 करोड़ रुपये और 62 करोड़ रुपये की सिंचाई दक्षता सुधार परियोजना पर कार्य जारी है।
वसुंधरा राजे ने भी किया संबोधन
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि मांगरोल–सीसवाली और अंता–सांगोद सड़कें उनके कार्यकाल में बनी थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस क्षेत्र में कॉलेज, गौरव पथ, स्कूल और पेयजल योजनाओं का विस्तार किया। उन्होंने भी जनता से मोरपाल सुमन को भारी मतों से जिताने की अपील की।