भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न

0
20
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नावा सिटी (रिपोर्टर — मनीष पारीक)। कस्बे में सोमवार को श्री 1008 भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के दौरान पूरे नगर में धार्मिक आस्था और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल प्रभात फेरी से हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के भजनों और उपदेशों का गुणगान करते हुए नगर भ्रमण किया। इसके बाद श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में नित्य नियम, अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन विधिवत सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

भव्य शोभायात्रा रही आकर्षण का केंद्र

महोत्सव के अंतर्गत निकाली गई भव्य शोभायात्रा मुख्य आकर्षण रही। सुसज्जित रथ, आकर्षक झांकियों और श्रद्धालुओं की भक्ति भावपूर्ण भागीदारी ने पूरे नगर को धार्मिक रंग में रंग दिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा श्रीजी की आरती कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

शोभायात्रा के पश्चात ज्ञानसागर भवन में समाजजनों द्वारा वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। इसके बाद श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में महावीर स्वामी महामंडल विधान सम्पन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ लिया।

सायंकाल पुनः वात्सल्य भोज और रात्रि में महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों और युवाओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

महोत्सव के दौरान जैन समाज के पदाधिकारियों ने भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और करुणा के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और संस्कारों को मजबूत करते हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here