लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उपखंड क्षेत्र में दो तीन दिन से हो रही भारी बरसात से जहां छोटे बड़े नाले पोखर उफान पर आ गए हैं।वहीं दो मार्ग अवरुद्ध हो जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।शहर सहित उपखंड क्षेत्र में पिछले दो तीन दिन से दिन एवं रात के समय रुक रुक कर बारिश का दौर चल रहा है ।जिसके चलते आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
बारिश से शहर के निचले इलाकों में जल भराव के चलते लोगों को परेशानी हो रही है।यहां स्थित जलसंसाधन विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष प्रभारी कनिष्ठ अभियंता लोकेश सैनी ने बताया कि रविवार को सुबह साढ़े 8 बजे समाप्त हुए चौबीस घंटों के दौरान गलवा बांध पर 49,गलवानियाँ पर 30 तथा ठिकरिया बांध पर 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।जबकि रविवार को दिन में कई बार बरसात के दौर के चलते गलवा बांध पर 3, गलवानियाँ पर 40 तथा ठिकरिया पर 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।उन्होंने बताया कि बरसात से गलवा बांध की एक बार फिरसे दोबारा वेस्टवियर चलना शुरू हो गया ।
रविवार सुबह गलवा बांध की चादर का गेज 5 इंच था जो बढ़कर शाम चार बजे 6 इंच हो गया।जबकि ठिकरिया एवं श्योदनपुरा की वेस्टवियर पहले से ही लगातार चल रही है।उन्होंने बताया कि बारिश से गलवानियाँ में 10 इंच तथा दुधीसागर में 5 इंच पानी की आवक हुई है ।इधर भारी बारिश के कारण उनियारा इंद्रगढ़ स्टेट हाईवे 29 पर पारल्या चारण गाँव के पास नाले की रपट के ऊपर पानी बहने एवं पुलिया क्षतिग्रस्त होने तथा बनेठा टोंक मार्ग पर नगों नाला उफान पर आने से दोनों मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं ।जिससे इन मार्गो पर आवागमन करने तथा आसपास के लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।क्षेत्र में बरसात से किसी भी प्रकार की जानमाल की क्षति होने के समाचार नही हैं।










































