लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावा (रिपोर्टर: मनीष पारीक)।
राजस्थान की भाजपा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को उपजिला चिकित्सालय नावा परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ चिकित्सालय प्रभारी डॉ. राजवीर सिंह चौधरी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा फीता काटकर किया गया।
शिविर में रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के पश्चात कुचामन स्थित श्याम ब्लड बैंक की टीम द्वारा रक्त संग्रहण किया गया। डॉ. राजवीर सिंह चौधरी ने बताया कि कुल 15 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा। उन्होंने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे महादान बताया और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश फैलाते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा के कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे, लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष का अनुपस्थित रहना चर्चा का विषय बना।
शिविर में पार्षद महेश बोहरा, कुलदीप मिश्रा, मंगल शर्मा, गोपाल रुथला, सर्वेश्वर शर्मा, मुरली शर्मा, महेन्द्र पारीक, पूर्व पार्षद कमल दुबलदिया, मूलसिंह राजावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और चिकित्सक श्रवण नायक, नर्सिंग ऑफिसर मनीष गौड़, सिकंदर खान, शिवपाल तथा अस्पताल स्टाफ और समाजसेवी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। रक्तदान शिविर न केवल जरूरतमंदों की मदद करता है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देता है। आयोजन की सफलता में चिकित्सालय प्रशासन, ब्लड बैंक टीम और रक्तदाताओं का विशेष योगदान रहा।















































