लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)।
राजस्थान विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश किए जाने के बाद भाजपा पदाधिकारियों ने इसे प्रदेश के सर्वांगीण और संतुलित विकास की दिशा में सशक्त और दूरदर्शी रोडमैप बताया।
भाजपा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. अलका गुर्जर ने कहा कि यह बजट महिला कल्याण को समर्पित है। इसमें रूरल वुमन बीपीओ खोलने, मुख्यमंत्री लखपति दीदी योजना में कर्ज सीमा बढ़ाने, राजसखी स्टोर खोलने और महिला स्वयं सहायता समूहों को ऋण सीमा बढ़ाने जैसी ऐतिहासिक घोषणाएं शामिल हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि बजट युवाओं, किसानों, महिलाओं और आमजन के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। वहीं नाहर सिंह जोधा ने ग्रामीण विकास, सड़क निर्माण, सिंचाई और आधारभूत ढांचे पर विशेष बल देने को प्रदेश के संतुलित विकास का मार्ग बताया।
प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का साधन है, और 2026-27 में जीएसडीपी 21.52 लाख करोड़ रुपए अनुमानित है, प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 2,02,349 रुपए होने का अनुमान है।
मिथिलेश गौतम ने शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में घोषणाओं को प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। कैलाश मेघवाल ने कृषि और सिंचाई परियोजनाओं जैसे यमुना शेखावाटी लिंक, सोलर पंप लगाने और कृषि यंत्रों के अनुदान को ऐतिहासिक कदम बताया।
भूपेंद्र सैनी ने बजट में बृज कन्वेंशन सेंटर, वॉर म्यूजियम, तीर्थ यात्राएं और देवस्थान विभाग की धर्मशालाओं की मरम्मत को सरकार की नीति और नियत का प्रमाण बताया। नारायण मीणा ने किसानों के हित में 10,900 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता और अतिरिक्त बोनस की घोषणा को किसानों को सशक्त बनाने वाला कदम बताया।
श्याम अग्रवाल ने वित्तीय अनुशासन और पूंजीगत व्यय में वृद्धि से प्रदेश की अर्थव्यवस्था में तेजी आने की बात कही। मुकेश पारीक ने हाईवे, फ्लाईओवर और पुल निर्माण को सरकार की कार्य मंशा का प्रतीक बताया। प्रमोद वशिष्ठ ने बजट को ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की भावना साकार करने वाला बताया।
मुख्य वक्ता रामलाल शर्मा ने बजट को “संकल्प से सिद्धि” की दिशा में ठोस कदम करार दिया। पूर्व सांसद रामचरण बोहरा ने शहरी क्षेत्रों में सड़क और यातायात सुधार योजनाओं की सराहना की। जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने इसे महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग के लिए आशा और विश्वास का बजट बताया।
युवा मोर्चा अध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि रोजगार, कौशल विकास और पारदर्शी प्रतियोगी परीक्षाओं से प्रदेश का युवा सशक्त होगा। पदाधिकारियों ने सभी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और संतुलित विकास को बजट की प्रमुख विशेषता बताया, जो राजस्थान को विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर करेगा।














































