लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बीकानेर। भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर मदर्स एल.एस. कर्मा फाउंडेशन द्वारा विभिन्न विद्यालयों में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. सुमन चौधरी के नेतृत्व में विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई तथा अंबेडकर जी के जीवन, विचारों और सामाजिक न्याय के संदेश से अवगत कराया गया।
चक गरबी में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. सुमन चौधरी ने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और निरंतर प्रयासों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने दलित-वंचित समाज को अधिकार, सम्मान और समानता दिलाने की राह दिखाई तथा शिक्षा, संगठन और संघर्ष को सामाजिक परिवर्तन का आधार माना।
ज्योति चौधरी ने विद्यार्थियों को अंबेडकर जी के योगदान, संविधान निर्माण तथा वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनके जीवनभर चले संघर्ष की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को समानता, स्वतंत्रता और मौलिक अधिकारों के महत्व से भी परिचित कराया गया।
इस अवसर पर चंद्रकला जी, सुमन, सुनीता डोटासरा सहित फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित रहे।


















































