लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विनायक स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी की निशानेबाजों ने बढ़ाया जिले का मान
विजय कपूर | बीकानेर।
बीकानेर। दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में बीकानेर की होनहार बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया।
विनायक स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी, बीकानेर की प्रतिभावान निशानेबाज वैदिका शर्मा ने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा में उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
एकेडमी के डायरेक्टर एवं मुख्य कोच विरेन्द्र चौधरी तथा प्यारेलाल बाटड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि एकेडमी की निशानेबाज श्रेयाचांडक एवं दर्शना सुथार ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन कर इंडिया टीम ट्रायल्स के लिए क्वालीफिकेशन हासिल किया है।
इसके अलावा प्रभा शर्मा, पिंकी बिश्नोई, रीतिका बिश्नोई एवं सरिता चौधरी ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।
प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद बीकानेर लौटने पर खिलाड़ियों का एकेडमी परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर दिनेश शर्मा, रामलाल, राज चांडक, प्रदीप शर्मा, धर्माराम जी बिश्नोई, सुभाष पूनिया एवं बजरंग सुथार सहित अनेक खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
साथ ही आगामी दिनों में आयोजित होने वाली पुरुष वर्ग की नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य एवं सफलता की शुभकामनाएं दी गईं।











































