लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया लोकार्पण-शिलान्यास, किसानों, महिलाओं और ग्रामीणों को मिली बड़ी सौगात
बारां/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को बारां और झालावाड़ जिलों को 1,258 करोड़ रुपये के 98 विकास कार्यों की सौगात दी। बारां की कृषि उपज मंडी में आयोजित समारोह में दोनों नेताओं ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वैभवशाली, समृद्ध और शक्तिशाली भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना और यमुना जल समझौते जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं, जिनसे राजस्थान में विकास की नई धारा बहेगी।
खेत से निर्यात तक बनेगी नई वैल्यू चेन
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बारां, झालावाड़ और कोटा क्षेत्र के कृषि विकास के लिए विशेष रोडमैप तैयार किया जाएगा। किसानों को नई फसलों की खेती, आधुनिक तकनीक और बेहतर बाजार उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से “खेत से प्रोसेसिंग और प्रोसेसिंग से निर्यात” तक नई वैल्यू चेन विकसित की जाएगी, जिससे हाड़ौती क्षेत्र के कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच मिलेगी।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देशभर में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा चुका है और अब अतिरिक्त 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। राजस्थान में राजीविका के माध्यम से 32 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार के लिए अब तक 13,461 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
किसानों और गरीबों के लिए बड़ी घोषणाएं
शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत राजस्थान के लिए 3,473 करोड़ रुपये की लागत से 2.89 लाख नए आवासों की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के लिए 340.59 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी गई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को 6 हजार रुपये और राजस्थान सरकार द्वारा अतिरिक्त 3 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इससे प्रदेश के किसानों को अब सालाना 9 हजार रुपये की सम्मान निधि प्राप्त हो रही है।
किसान, महिला, युवा और मजदूर सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित राजस्थान के निर्माण में जुटी हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसान, महिला, युवा, मजदूर और गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और पीएम-कुसुम योजना जैसी योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
बारां और झालावाड़ में विकास कार्यों का ब्यौरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि बारां और झालावाड़ जिलों में कुल 1,258 करोड़ रुपये के 98 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
बारां जिले में
- 1,203 करोड़ रुपये के 76 विकास कार्य
- 562 करोड़ रुपये के 29 कार्यों का लोकार्पण
- 641 करोड़ रुपये के 47 कार्यों का शिलान्यास
झालावाड़ जिले में
- 55 करोड़ रुपये के 22 विकास कार्य
- 26 करोड़ रुपये के 10 कार्यों का लोकार्पण
- 29 करोड़ रुपये के 12 कार्यों का शिलान्यास
लाखों परिवारों को मिला लाभ
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 1.02 लाख लाभार्थियों को आवास की चाबियां प्रदान की गईं। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए 2.89 लाख नए आवासों का लक्ष्य और लगभग 4,600 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
इसके अलावा विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत राज्य में 2,400 करोड़ रुपये के कार्यों को युक्तधारा पोर्टल पर शामिल किया गया।
पशुपालकों और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत 5 लाख पशुपालकों को 280 करोड़ रुपये तथा 751 गौशालाओं को 250 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
राजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 10 करोड़ रुपये के क्रेडिट लिंकेज चेक वितरित किए गए। वहीं 957 लखपति दीदियों को 8 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए। राजस्थान महिला निधि की समर्थ सखी योजना के तहत महिलाओं को स्कूटी भी वितरित की गई।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बारां जिला प्रशासन द्वारा लगाई गई विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद दुष्यंत सिंह, विधायक प्रताप सिंह सिंघवी, ललित मीणा, राधेश्याम बैरवा, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।