Home latest बालोतरा में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित, एसपी ने दिए सख्त निर्देश

बालोतरा में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित, एसपी ने दिए सख्त निर्देश

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 
समदड़ी/बालोतरा। बालोतरा जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रमेश की अध्यक्षता में जिला पुलिस कार्यालय में अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान एसपी ने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निस्तारण, जन सुरक्षा एवं पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर

एसपी रमेश ने कहा कि लंबित प्रकरणों की पेंडेंसी को मुख्यालय द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप लाया जाए और मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संगठित अपराधियों एवं आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

विशेष अभियानों की समीक्षा

बैठक में पुलिस मुख्यालय एवं रेंज स्तर पर चल रहे विशेष अभियानों की समीक्षा करते हुए सभी टीमों को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन विषदमन के तहत लगातार दबिश देने को कहा गया।

गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई

पोक्सो एक्ट, बलात्कार एवं अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में गुणवत्तापूर्ण जांच कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

यातायात और सड़क सुरक्षा

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

आमजन से व्यवहार सुधारने पर जोर

एसपी ने थाना स्तर पर आने वाले परिवादियों के साथ संवेदनशील एवं सौम्य व्यवहार रखने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह, वृताधिकारी देरावर सिंह, अनिल राजपुरोहित, सुखराम सहित जिले के सभी थानाधिकारी मौजूद रहे।

इस बैठक को जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version