लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा | सत्यप्रकाश मयंक
उनियारा | उपखंड क्षेत्र के अलीगढ़ कस्बे स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में संचालित बाबा रामदेव संस्कार शिविर के बालक-बालिकाओं को भामाशाह द्वारा गर्म कपड़े वितरित किए गए। इस अवसर पर बच्चों को जर्सी, स्वेटर एवं कोट प्रदान किए गए, जिससे उनके चेहरों पर खुशी झलक उठी।
संस्था से जुड़े मनोरंजन जांगिड़ ने बताया कि सरस्वती विद्या मंदिर के पूर्व छात्र रघुवीर माहूर ने सेवा भाव के तहत शिविर में अध्ययनरत बालक-बालिकाओं को गर्म वस्त्र उपलब्ध कराए। बाबा रामदेव संस्कार शिविर अलीगढ़ की दलित बस्ती में संचालित है, जिसमें कोली, बेरवा एवं हरिजन समाज के बच्चे भाग लेते हैं।
शिक्षा और संस्कार के साथ संसाधन उपलब्ध कराना उद्देश्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संयोजक जसराम मीणा ने कहा कि गरीब, निर्धन और दलित बच्चों को शिक्षा व संस्कार के साथ आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना ही बाबा रामदेव संस्कार शिविर का प्रमुख उद्देश्य है। यह बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
वहीं रामपुरा खंड के संघ चालक रमेश शर्मा (एडवोकेट) ने कहा कि संपूर्ण समाज के सर्वांगीण विकास से ही राष्ट्र का विकास संभव है। जैसे ही बच्चों को गर्म वस्त्र मिले, वे खुशी से झूम उठे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संयोजक जसराम मीणा, रामपुरा खंड संघ चालक रमेश शर्मा (एडवोकेट), नमो नारायण गुर्जर, प्रधानाचार्य शशी सुवालका, मनोरंजन जांगिड़, नरेश जैन, रमेश प्रजापत, पप्पूलाल सैनी, संजय गुनसारिया, मुरारी सहित विद्यालय के आचार्यगण एवं शिमला शर्मा तथा रेखा शर्मा दीदी उपस्थित रहे।