लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
यहां शहर से रविवार को रुणीजा स्थित बाबा रामदेव की 20 वी पैदल यात्रा रवाना हुई। पैदल यात्री सुबह चारभुजानाथ मंदिर मे एकत्रित हुए। जहां ध्वज व भगवान की पूजा अर्चना कर रवाना हुए। राम रघुनाथ मंदिर, रामदेव मंदिर,छप्पन जी महाराज मंदिर, बालाजी मंदिर, व बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर में ढोक लगाकर नारियल भेंटकर बाबा रामदेव के जयकारे लगाते हुए पैदल यात्री रवाना हुए। पैदल यात्रियों का समाजसेवी नरेश गुर्जर ने माला पहनाकर विदा किया। पैदल यात्री एवं श्रद्धालु बैण्ड बाजा की धुन पर भजनों पर नाचते गाते चल रहे थे।
पदयात्रा समिति के अध्यक्ष शिवराज सिंह नरूका एवं बबलू सैनी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा रामदेव की 20वीं पैदल यात्रा रवाना हुई है। पैदल यात्रा उनियारा से रवाना होकर टोंक, धोली गांव, बामोलाव, किशनगढ़, कुंडियावास, पादूकला,रजलानी, खेड़प्पा, ओसियां, लोहावट, सावरीज होती हुई 22 अगस्त को रामदेवरा पहुंचेगी। जहां समिति द्वारा बाबा रामदेव को ध्वज चढ़ा कर ढोक लगाकर भोग लगाया जाएगा। पदयात्रा में समिति के अध्यक्ष शिवराज सिंह नरूका, बबलू सैनी, सोजीलाल सैनी, बाबूलाल सैनी, पप्पू लाल धोबी, ओमप्रकाश खींची सहित बड़ी संख्या में पैदल यात्री एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।