लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
आमजन की पेयजल समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, क्षेत्र अजमेर के अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचन्द्र राड़ ने शुक्रवार को भीलवाड़ा जिले की विभिन्न जल योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आमजन की पेयजल संबंधी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राड़ ने भीलवाड़ा शहर के विजयसिंह पथिक नगर की सुबह की जलापूर्ति की स्थिति देखी। उन्होंने सहायक एवं कनिष्ठ अभियंताओं को जलापूर्ति की नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता धनपत राज सोनी, अधिशाषी अभियंता किशन खोईवाल, सहायक अभियंता दिलराज मीणा, प्रेमचन्द्र रेगर और कनिष्ठ अभियंता हरीश मीणा व राम मीणा मौजूद रहे।
राड़ ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत लाभान्वित भूणास ग्राम (ब्लॉक आसींद) की पेयजल योजना का भी निरीक्षण किया और कनिष्ठ अभियंता अनुराग प्रजापत को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, शाहपुरा शहरी जल योजना के तहत अमृत 2.0 योजना में निर्माणाधीन 250 किलोलीटर क्षमता के उच्च जलाशय और भीलवाड़ा रोड पर पाइप लाइन डालने के कार्य का भी जायजा लिया। इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता मयंक शर्मा सहित अन्य अभियंताओं को कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान राड़ ने जिले के गुलाबपुरा, आसींद, माण्डलगढ़, गंगापुर, हमीरगढ़, शाहपुरा एवं जहाजपुर में अमृत 2.0 के तहत प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की और समयबद्ध पूर्णता पर जोर दिया। साथ ही बताया कि भीलवाड़ा शहर की अमृत 2.0 योजना का कार्यादेश शीघ्र जारी किया जाएगा।