अटल ज्ञान केंद्रों को आधुनिक लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने के निर्देश

0
30
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अटल ज्ञान केंद्रों को आधुनिक लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गांव में ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

गांव में ही मिलेगी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण युवा शहरों की ओर पलायन किए बिना अपने ही गांव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। इसके लिए अटल ज्ञान केंद्रों को आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा।

इन केंद्रों पर प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, पत्र-पत्रिकाएं, डिजिटल संसाधन, ई-मित्र सेवाएं और ऑनलाइन क्लासेस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मॉडल लाइब्रेरी के रूप में होंगे विकसित केंद्र

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अटल ज्ञान केंद्रों के निर्माण में गुणवत्ता और उपयोगिता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा एक मानक मॉडल डिजाइन तैयार कर सभी केंद्रों को उसी स्वरूप में विकसित किया जाए।

विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान की समीक्षा

उन्होंने ‘विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान’ की प्रगति रिपोर्ट तैयार करने और आमजन से प्राप्त सुझावों का विश्लेषण कर शिक्षा, चिकित्सा और बुनियादी सुविधाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए।

जयपुर को मॉडल स्मार्ट सिटी बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर को स्मार्ट मैनेजमेंट और आधुनिक तकनीक आधारित मॉडल सिटी के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए एकीकृत कंट्रोल रूम मॉडल के माध्यम से शहरी अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत किया जाएगा।

सीवरेज और शहरी विकास कार्यों पर सख्ती

उन्होंने अमृत 2.0 योजना के तहत सीवरेज कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, मानसून से पहले सीवरेज कार्यों से प्रभावित सड़कों की मरम्मत अनिवार्य रूप से करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में देरी होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और कार्रवाई भी सुनिश्चित होगी।

अन्य निर्देश

बैठक में एफएसटीपी, स्ट्रीट लाइट्स और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर, नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here