लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अरावली में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए केंद्र सरकार का आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव का धन्यवाद : मदन राठौड़
भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती की पूर्व संध्या पर दीपदान कार्यक्रम
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | (रूपनारायण सांवरिया)
भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने अटल जी को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी देश के ऐसे प्रधानमंत्री थे जिन्हें अजातशत्रु का सम्मान प्राप्त हुआ। उन्होंने राजनीतिक जीवन में अनेक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि एक सीट कम होने पर भी अटल जी ने प्रधानमंत्री पद त्याग दिया, जो उनकी लोकतांत्रिक मर्यादा और नैतिक मूल्यों को दर्शाता है।
मदन राठौड़ ने अटल जी की सादगी का स्मरण करते हुए बताया कि पाली में एक कार्यक्रम के दौरान अटल जी को रेलवे प्लेटफॉर्म पर ही भोजन कराया गया था। उन्होंने कहा कि अटल जी को क्षेत्रीय विशेषताओं तक की स्मृति रहती थी। विदेश मंत्री रहते हुए उन्होंने उनसे मुलाकात के दौरान स्थानीय प्रसिद्ध वस्तु ‘जी-फीनी’ तक के बारे में पूछा था। अटल जी ने संगठन को वटवृक्ष बनाने में अहम भूमिका निभाई और वे आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मदन राठौड़ ने अरावली पर्वतमाला में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अरावली राजस्थान की जीवनरेखा है और केंद्र व राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ फैलाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वर्ष 2000 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा बनाया गया 100 मीटर का फार्मूला आज सुप्रीम कोर्ट द्वारा उपयोग में लिया गया है, लेकिन कांग्रेस नेता यह तथ्य भूल जाते हैं।
फसल खराबे के मुद्दे पर मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार सर्वे के आधार पर जनकल्याणकारी नीतियां लागू करती है, जिससे किसी के साथ अन्याय न हो। उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा में भारी भ्रष्टाचार होता था, जबकि वर्तमान सरकार ने कार्यदिवस 100 से बढ़ाकर 125 कर दिए हैं, जिससे किसानों और मजदूरों को अधिक लाभ मिल रहा है। अब बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने से वे अफवाहें फैला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 तक भाजपा सरकार ने जितने विकास कार्य किए, उतने कांग्रेस पांच वर्षों में भी नहीं कर पाई। वर्ष 2025 में भी ईआरसीपी, राइजिंग राजस्थान जैसे कई बड़े विकास कार्य किए गए हैं और 2026 में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
















































