लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उन्हेल (झालावाड़)। झालावाड़ जिला पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना उन्हेल ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में पिछले 10 माह से फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि थाना गंगधार में दर्ज प्रकरण संख्या 48/2025, धारा 8/18 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में फरार अभियुक्त जगदीश सोनी, निवासी अनुपुरा, थाना बडौद (मध्यप्रदेश) तथा शिव सिंह, निवासी खेजड़िया, थाना सुवासरा (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन में एवं पुलिस उपाधीक्षक हेमंत गौतम के सुपरवीजन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी रामकरण कटारिया ने किया, जिसमें उन्हेल थाना पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस दोनों आरोपियों से मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य सहयोगियों को लेकर पूछताछ कर रही है।













































