लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) दिगंबर जैन समाज के सबसे बड़े सामाजिक संगठन दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन द्वारा इंदौर में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन को लेकर मेवाड़ रीजन में तैयारियों का शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर मेवाड़ रीजन अध्यक्ष प्रवीण चौधरी के कुशल नेतृत्व में मुनि श्री 108 शुभसागर महाराज एवं मुनि श्री 108 सुप्रभात सागर महाराज के करकमलों द्वारा सम्मेलन के पोस्टर एवं आवेदन फार्म का विधिवत विमोचन किया गया।
अधिक से अधिक आवेदन का लक्ष्य
रीजन सचिव आशीष जैन (सेठी) ने बताया कि जैन समाज के विभिन्न पदाधिकारियों तथा हाउसिंग जैन मंदिर के अध्यक्ष राकेश पाटनी और सचिव निर्मल सरावगी की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभी जैन कॉलोनियों से अधिक से अधिक युवक-युवतियों के आवेदन फार्म भरवाने के लक्ष्य के साथ इस महाआयोजन की भव्य शुरुआत की गई।
जिम्मेदारियां सौंपी गईं
रीजन अध्यक्ष द्वारा कोषाध्यक्ष राजेंद्र बगड़ा को भीलवाड़ा के सभी जैन मंदिर प्रांगणों में सम्मेलन से संबंधित फ्लेक्स लगवाने, आवेदन फार्म उपलब्ध कराने तथा कोष संबंधी समस्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पिछले वर्ष रही उल्लेखनीय सफलता
बताया गया कि पिछले वर्ष देशभर से हजारों प्रत्याशियों ने इस सम्मेलन में अपने बायोडाटा भेजे थे, जिनमें से एक वर्ष के भीतर 35 प्रतिशत से अधिक प्रतिभागियों को सफलता प्राप्त हुई थी।
इस वर्ष भी फेडरेशन ने सम्पूर्ण जैन समाज से इस अंतर्राष्ट्रीय महा आयोजन को सफल बनाने हेतु सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया है।













































