Home crime अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर ड्रोन से गिराई हेरोइन: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4...

अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर ड्रोन से गिराई हेरोइन: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ)। अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए श्रीगंगानगर पुलिस ने ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से गिराई गई हेरोइन के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थ, अवैध शराब और हथियारों की धरपकड़ के साथ अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 6 अप्रैल 2026 को श्रीकरणपुर पुलिस थाना में तैनात एसआई माला सिंह ने अपनी टीम तथा सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 163 बटालियन के साथ संयुक्त कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से भेजी गई 2 किलो 340 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई। मौके से एक काले रंग का बैग, जैकेट, गर्म शॉल, लोवर और दो जोड़ी जूते भी जब्त किए गए।

इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर जांच कृष्ण कुमार को सौंपी गई।

जांच के दौरान 8 अप्रैल 2026 को थानाधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में गुरचरण सिंह उर्फ राजू, राजेंद्र सिंह उर्फ जिंद्र, मनदीप उर्फ मनी (जिला जालंधर, पंजाब) और नरेंद्र सिंह उर्फ काका (जिला फाजिल्का, पंजाब) शामिल हैं।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक क्रेटा कार भी जब्त की है। प्रारंभिक पूछताछ में इस मामले के पीछे एक बड़े तस्करी नेटवर्क के जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version